IDBI बैंक निजीकरण के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन,दीपक बलूटिया पहुंचे भूख हड़ताल स्थल,सुनी पीड़ा

IDBI बैंक के निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों की 36 घंटे की भूख हड़ताल, हल्द्वानी में प्रदर्शन

हल्द्वानी, IDBI बैंक के प्रस्तावित निजीकरण के विरोध में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। हल्द्वानी के बुद्धा पार्क में यूनाइटेड फोरम ऑफ IDBI ऑफिसर्स एंड एंप्लॉइज के आह्वान पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार और LIC से बैंक की प्रस्तावित हिस्सेदारी बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। कर्मचारी 2 और 3 नवंबर को देशव्यापी 36 घंटे की भूख हड़ताल कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि IDBI बैंक ने छह दशकों से अधिक समय तक देश के औद्योगिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कर्मचारियों ने सवाल उठाया कि जब सरकार, LIC और बैंक कर्मियों के प्रयासों से बैंक वित्तीय संकट से उबरकर लाभ की स्थिति में पहुंचा है, तो अब इसके निजीकरण की जरूरत क्यों पड़ रही है? आंदोलन को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता दीपक बलूटिया सहित विभिन्न बैंक यूनियनों के प्रतिनिधियों का भी समर्थन मिला। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने संसद में वर्ष 2003 में सरकारी हिस्सेदारी न्यूनतम 51 प्रतिशत बनाए रखने को लेकर दिए गए आश्वासन का हवाला देते हुए सरकार से जवाब मांगा।

यूनियन की प्रमुख मांगों -

कर्मचारियों ने निजीकरण के बाद सेवा शर्तों, पेंशन, कल्याणकारी सुविधाओं और आरक्षण नीतियों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई।यूनियन की प्रमुख मांगों में IDBI बैंक की प्रस्तावित बिक्री पर तत्काल रोक, बैंक में केंद्र सरकार की न्यूनतम 51 प्रतिशत हिस्सेदारी बनाए रखना, जमाकर्ताओं को सॉवरेन गारंटी देना और मौजूदा कर्मचारियों के अधिकारों की लिखित गारंटी शामिल है।कर्मचारियों ने साफ किया है कि उनका आंदोलन केवल नौकरी और सेवा शर्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक बैंकिंग व्यवस्था और संसदीय आश्वासनों की रक्षा से भी जुड़ा है। अब देखना होगा कि कर्मचारियों के इस देशव्यापी आंदोलन के बाद केंद्र सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।

Post a Comment

और नया पुराने