हल्द्वानी:कॉलेज पर कब्जे की जंग,मरियम कॉलेज विवाद गहराया,फर्जीवाड़े और कब्जे की साजिश के आरोप

मरियम पैरामेडिकल कॉलेज पर कब्जे के आरोप, पुलिस जांच की मांग

हल्द्वानी के मरियम पैरामेडिकल कॉलेज को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। कॉलेज के संस्थापक पक्ष ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और मुखानी थाना पुलिस को शिकायत देकर कॉलेज की संपत्ति पर कथित अवैध कब्जा, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, फर्जी बैंक खाता खोलने, छात्रों की फीस के कथित दुरुपयोग और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।  

संस्थापक पक्ष का कहना है कि वर्ष 2009 में स्थापित मरियम पैरामेडिकल कॉलेज की देखरेख फरवरी 2024 में तत्कालीन अध्यक्ष के न्यायिक अभिरक्षा में जाने के बाद अस्थायी रूप से एक शिक्षिका को सौंपी गई थी। आरोप है कि बाद में कुछ लोगों ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर कॉलेज के संचालन और संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की। शिकायत में बिना अनुमति बैंक खाता खोलने और छात्रों की फीस के कथित दुरुपयोग के भी आरोप लगाए गए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन को शिकायत भेजकर संस्थापक पक्ष पर कॉलेज में पहुंचकर अभद्रता और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों से स्वामित्व और संचालन से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। संस्थापक पक्ष ने अपने दस्तावेज जमा कर दिए हैं, जबकि दूसरे पक्ष ने कुछ अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है।

संस्थापक पक्ष का कहना है कि 25 जुलाई को कॉलेज में आय-व्यय और संचालन की समीक्षा के दौरान कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि भी मौजूद थे, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे। उनका कहना है कि शिक्षा के इस संस्थान में उठे इन गंभीर आरोपों से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। अब इस पूरे मामले में सच क्या है, इसका फैसला पुलिस की निष्पक्ष जांच और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं और सबकी नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भुजियाघाट में बड़ा हादसा... गहरी खाई में गिरी टवेरा और बुलेट, बाल-बाल बचीं...

सिलेंडर सप्लाई की आड़ में चोरी,हल्द्वानी में बड़ा खुलासा,वीडियो वायरल