हल्द्वानी नगर निगम की नई नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने संभाली कमान, अतिक्रमण, ट्रैफिक, कूड़ा निस्तारण और सीवरेज पर रहेगा फोकस
हल्द्वानी। देर रात हुए आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादलों के बाद आज हल्द्वानी नगर निगम को नई नगर आयुक्त मिल गई हैं। आशिमा गोयल ने नगर आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।कार्यभार संभालते ही उन्होंने शहर की प्रमुख समस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया। हल्द्वानी में अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण और सीवरेज जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आती रही हैं, जिन पर शुरुआती दौर से ही काम करने की जरूरत है।
नई नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ नगर निगम और व्यापारियों की समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा आशिमा गोयल ने आज ही हल्द्वानी नगर निगम की जिम्मेदारी संभाली है, इसलिए सबसे पहले वह शहर का भ्रमण कर जमीनी स्तर पर समस्याओं को समझेंगी। इसके बाद सामने आने वाली चुनौतियों और प्राथमिकताओं के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर काम शुरू किया जाएगा।अब देखना होगा कि नई नगर आयुक्त के नेतृत्व में हल्द्वानी को इन बुनियादी समस्याओं से कितनी राहत मिल पाती है।

एक टिप्पणी भेजें